पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के वीआईपी रोड (एयरपोर्ट रोड) स्थित श्री राम मंदिर परिसर में "राम" नाम अंकित ईंट नाली में लगाए जाने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के रायपुर जिला इकाई के पदाधिकारियों ने थाना तेलीबांधा में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान उस नाली में, जहां गंदे पानी का प्रवाह होता है और कूड़ा-कचरा जमा रहता है, "राम" नाम अंकित ईंट लगी हुई मिली। संगठनों का आरोप है कि मंदिर निर्माण में प्रयुक्त ऐसी ईंट का इस तरह के स्थान पर उपयोग करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि निर्माण से जुड़े सभी अभिलेखों, स्वीकृतियों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत FIR दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था की छवि धूमिल करना नहीं है, बल्कि धार्मिक प्रतीकों के सम्मान की रक्षा करना और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है। संगठनों ने पुलिस प्रशासन से इस शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।

User 1










