पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में जुआ-सट्टा, नशे के कारोबार और गुमशुदा मामलों को लेकर धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों को पूरी तरह खत्म किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई होगी।
एसपी ने जुआ-सट्टा संचालित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल अपनी गतिविधियां बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर विशेष टीमों को सक्रिय कर लगातार दबिश देने, गुप्त सूचनाएं जुटाने और तकनीकी माध्यमों के उपयोग से इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अवैध गतिविधि में पुलिस स्टाफ की संलिप्तता पाई गई तो संबंधित कर्मचारी के साथ प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
बैठक में “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गठित 30 टीमों के कार्यों की समीक्षा भी की गई। इस अभियान के तहत जिले में सूखा नशा, शराब और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि आने वाले समय में नशे के कारोबार पर और अधिक कसावट लाई जाएगी। यह ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में चौथी बड़ी रेड कार्रवाई रही।
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि ठोस और परिणाम देने वाली कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने टीमों की कार्यशैली, सूचना संकलन, कार्रवाई की गति और समन्वय की समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने और बेहतर रणनीति के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में “ऑपरेशन तलाश” की भी समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि गुमशुदा बालक-बालिकाओं और महिलाओं की शीघ्र दस्तयाबी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए तकनीकी संसाधनों, सोशल मीडिया, सूचना तंत्र और अन्य विभागों के समन्वय का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। साथ ही, गुमशुदा व्यक्तियों की खोज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और अनुभागों के लिए पुरस्कार की भी घोषणा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीएसपी एसजेपीयू यशकरण दीप ध्रुव समेत जिले के सभी थाना प्रभारी, साइबर प्रभारी और अभियान से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

User 1















