पब्लिक स्वर,बचेली/दंतेवाड़ा। नगर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों की अनियंत्रित आमद को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विजय कुमार भोगामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना बचेली पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि दंतेवाड़ा जिला इन दिनों तेजी से औद्योगिक और व्यावसायिक बदलावों से गुजर रहा है, लेकिन इसके साथ ही बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई लोग किराए के मकानों में बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। हाल के दिनों में चाकूबाजी, जानलेवा हमले और चोरी जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिक, खासकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि निजी कंपनियों द्वारा बाहरी श्रमिकों को बड़ी संख्या में बुलाया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के रोजगार पर संकट गहराता जा रहा है और उनमें असंतोष बढ़ रहा है। युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन किया जाए, कंपनियां अपने श्रमिकों की पूरी जानकारी थाने में जमा कराएं, श्रमिकों के आवास की सूची उपलब्ध कराई जाए और बिना सूचना ठहराने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही बाहरी श्रमिकों के पहचान पत्र और श्रम कार्ड की सघन जांच तथा शहर और ग्रामीण इलाकों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी मांग की गई है।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सलमान नवाब, जिला उपाध्यक्ष अजय उइके, जिला सचिव आकाश नियाल, जिला महासचिव सुनील गाईन, नगर अध्यक्ष आयुष खोबरगड़े सहित यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता देवराज, गौरव, नवीन, आदित्य, शैलेन्द्र, सत्या, सचिन, रविंद्र और त्रिशु मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करेगा।

User 1









