Header Ad


आश्रम से 20 साल पुराने मलयागिरि चंदन वृक्ष काटकर ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथौद स्थित महर्षि मुक्तानंद आश्रम परिसर में चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश खेत की मेड़ पर लगे करीब 20 साल पुराने मलयागिरि प्रजाति के पांच चंदन के पेड़ काटकर उनके तने ले गए। चोरी किए गए पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सांकरा (क) निवासी पवन कुमार साहू, जो महर्षि मुक्त लोक सेवा सार्वजनिक न्यास, हथौद के सचिव एवं सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य हैं, ने बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आश्रम की लगभग 5 एकड़ 9 डिसमिल कृषि भूमि की मेड़ पर करीब 20 वर्ष पहले मलयागिरि प्रजाति के आठ चंदन के पौधे लगाए गए थे, जो अब बड़े पेड़ों का रूप ले चुके थे।

आचार्य के फोन से हुआ खुलासा

शिकायत के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह विद्यालय के आचार्य ठाकुर राम साहू ने फोन कर बताया कि आश्रम परिसर में लगे चंदन के पेड़ काट दिए गए हैं। सूचना मिलने पर जब पवन कुमार साहू मौके पर पहुंचे तो खेत की बाहरी मेड़ पर लगी लोहे की जाली कटी हुई मिली। निरीक्षण के दौरान पांच चंदन के पेड़ों के तने गायब थे, जबकि उनकी शाखाएं और ठूंठ मौके पर पड़े हुए थे।

रात के अंधेरे में वारदात

प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि 7 और 8 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोर जाली काटकर आश्रम परिसर में घुसे और चंदन के पेड़ों को काटकर उनके मूल्यवान तने अपने साथ ले गए। चंदन की लकड़ी की बाजार में ऊंची कीमत होने के कारण इसे सुनियोजित चोरी माना जा रहा है।

मामला दर्ज, जांच जारी

बालोद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, BALOD NEWS, CHANDAN KA PED KATKAR LE GAYE BADMASH NEWS, 20SAAL PURANE CHANDAN KA VRIKCH KATKAR LE GAYE BADMASH NEWS, MALYAGHIRI CHNADAN VRIKCH NEWS, MAHARSHI MUKTANAND ASHRAM NEWS, MAHARSHI MUKTANAND ASHRAM SE CHANDAN VRIKCH KATKAR LE GAYE BADMASH NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER