देश post authorUser 1 29 March 2026

मन की बात में पीएम मोदी का संदेश: वैश्विक संकट के बीच एकजुट रहने की अपील



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आकाशवाणी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए वैश्विक परिस्थितियों, ऊर्जा संकट और राष्ट्रीय एकजुटता पर महत्वपूर्ण संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को चुनौतीपूर्ण बताते हुए देशवासियों से संयम, जागरूकता और एकता बनाए रखने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने संकेत दिया कि वर्तमान में जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक प्रमुख केंद्र है। इस कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता और कीमतों को लेकर अस्थिरता पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों का असर भारत पर भी पड़ सकता था, लेकिन पिछले एक दशक में भारत की बढ़ी हुई आर्थिक और कूटनीतिक क्षमता ने देश को मजबूती दी है। विभिन्न देशों के साथ मजबूत संबंध और सहयोग के चलते भारत इस संकट का डटकर सामना कर रहा है।

पीएम मोदी ने इस स्थिति को “चुनौतीपूर्ण समय” बताते हुए कहा कि ऐसे समय में देश को एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस तरह के संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करना उचित नहीं है, क्योंकि यह सीधे 140 करोड़ भारतीयों के हित से जुड़ा मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाहें फैलाने वाले लोग देश को नुकसान पहुंचाते हैं और ऐसे तत्वों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर जरूरी जानकारी साझा कर रही है। “अफवाहों के बहकावे में आने के बजाय जागरूक रहना ही इस समय सबसे बड़ी जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री ने अपने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि जैसे देश ने पहले भी बड़े संकटों का सामना एकजुट होकर किया है, वैसे ही इस बार भी भारत मजबूती से इस चुनौती से बाहर निकलेगा।

इसके अलावा उन्होंने पड़ोसी क्षेत्रों में जारी युद्ध का उल्लेख करते हुए खाड़ी देशों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि लाखों भारतीय वहां काम करते हैं और खाड़ी देशों ने उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई है। प्रधानमंत्री के अनुसार, करीब एक करोड़ से अधिक भारतीय नागरिकों को वहां सुरक्षा और सहयोग मिल रहा है, जो भारत के लिए संतोष की बात है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS MANKIBAATNEWS MPMODINEWS PMMODIKAMANKIBAATMESANDESHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER