पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाठा गांव में मिले युवक के शव मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत मिट्टी के अंदर दम घुटने से हुई। इससे साफ हो गया है कि युवक को जिंदा हालत में जमीन में गाड़ा गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पक्ष ने पहले युवक के साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद युवक बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे उसी हालत में मिट्टी में दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
दरअसल 21 मार्च को भरेंगाभाठा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि सुनसान इलाके में जमीन में दफन एक शव पड़ा है। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर दिखाई दे रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान हाथ में बने टैटू से नितेश बत्रा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार नितेश रायपुर के शदाणी दरबार क्षेत्र का रहने वाला था। शव की हालत देखकर पहले ही आशंका जताई जा रही थी कि युवक की हत्या कर उसे जमीन में दफना दिया गया है।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पुष्टि हो गई है कि युवक की मौत मारपीट से नहीं, बल्कि मिट्टी में दबने के बाद दम घुटने से हुई। पुलिस अब हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, लेनदेन और आपसी विवाद जैसे एंगल से जांच कर रही है।

User 1















