पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोहे का पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैलने से एक महिला समेत पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार द्वारा बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-11, आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास हुई। यहां नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा था। मजदूर लोहे का बिजली पोल खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही पोल तार से टकराया, पूरे पोल में करंट दौड़ गया। पोल पकड़े हुए सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान मध्यप्रदेश के मंडला जिले के रहने वाले दीपक यादव (30), मुकेश कुमार (38), सेवाराम (24), प्रहलाद चौरसिया (45) और जयंती धुर्वे के रूप में हुई है। सभी मजदूर ठेकेदार के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रहे थे।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो गया है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार मजदूरों के पास पर्याप्त सेफ्टी गियर, इंसुलेटेड उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं थे। वहीं, हाईटेंशन लाइन के नीचे काम शुरू करने से पहले आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया गया।
जांच के घेरे में ठेकेदार और संबंधित विभाग
इस घटना के बाद नगर निगम, बिजली विभाग और ठेकेदार की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अब यह जांच का विषय है कि क्या कार्य शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मंजूरियां ली गई थीं और संबंधित विभागों के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया था। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार, अधिकारी या जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

User 1










