पब्लिक स्वर,धमतरी/कुरूद। धमतरी जिले के ग्राम अटंग स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला के जर्जर भवन की समस्या को लेकर पब्लिक स्वर ने बीते दिनों प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। इसके साथ ही पब्लिक स्वर की टीम मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट की, जिसमें जर्जर स्कूल भवन की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों व अभिभावकों की नाराजगी को सामने लाया गया जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) स्वयं स्कूल पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नए स्कूल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा अगले 2 से 3 महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि डीईओ के स्कूल पहुंचने के दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व कुछ सदस्य मौजूद नहीं थे। इसलिए बुधवार को समिति के सदस्य और ग्रामीण जिला शिक्षा अधिकारी से दोबारा मिले, ताकि विभाग की ओर से दिए गए आश्वासन की जानकारी अध्यक्ष सहित सभी संबंधित लोगों को मिल सके।
गौरतलब है कि ग्रामीणों, अभिभावकों और शाला प्रबंधन समिति ने जर्जर भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर 9 जुलाई को स्कूल में तालाबंदी और प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी। अब प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगे आंदोलन पर निर्णय लिया जाएगा।

User 1















