Header Ad


आबकारी विभाग के दो अधिकारियों पर झूठे प्रकरण दर्ज करने का आरोप, बैगा समाज ने कलेक्टर से लगाई गुहार



post

पब्लिक स्वर,कवर्धा। कबीरधाम जिले में बैगा आदिवासी समाज ने आबकारी विभाग के दो अधिकारियों पर झूठे प्रकरण दर्ज करने, अवैध वसूली करने और आदिवासियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद, जिला शाखा कबीरधाम के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आबकारी विभाग के एक पुरुष और एक महिला एसआई द्वारा बैगा समुदाय के भोले-भाले लोगों को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। समाज का आरोप है कि महुआ शराब के मामलों में वास्तविक मात्रा से अधिक शराब दर्शाकर गंभीर प्रकरण बनाए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी परिवारों को बेवजह कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

बैगा समाज ने आरोप लगाया है कि कई मामलों में ग्रामीणों से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए और बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। समाज का दावा है कि ऐसे कई लोग हैं जिन्हें कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया है।

महिला ने सुनाई आपबीती

बैगा समाज की महिला सगनू बैगा ने बताया कि उनके पति के पास केवल 3 से 4 बोतल महुआ शराब थी, लेकिन आबकारी अधिकारियों ने उसे बढ़ाकर 15 से 16 लीटर दर्शाया और कार्रवाई कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनसे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए। सगनू बैगा का कहना है कि घटना के बाद से उनके पति लापता हैं, जिससे परिवार गहरी चिंता में है।

10 से 20 हजार रुपए तक वसूली का आरोप

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्रवाई से बचाने या चालान की मात्रा कम करने के नाम पर आदिवासियों से 10 हजार से 20 हजार रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है। समाज का कहना है कि इससे गरीब आदिवासी परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं तथा समुदाय में भय और आक्रोश का माहौल है।

निलंबन और जांच की मांग

बैगा समाज ने कलेक्टर से मांग की है कि आरोपित दोनों आबकारी अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही उनके द्वारा दर्ज किए गए सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और आपराधिक कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।

क्या बोले जिला आबकारी अधिकारी

जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह ध्रुव ने बताया कि बैगा समाज द्वारा आबकारी विभाग के अधिकारियों पर जबरन वसूली और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KAVARDHANEWS KABIRDHAMNEWS KAVRDHAKABIRDHAMNEWS KARIDHAMABKARIVIBHAGNEWS ADHIKARIYONPARJHOOTHEPRAKRANDARJKARANEKAAROPNEWS

You might also like!