पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में अवैध संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश से महिला से मिलने पहुंचे एक युवक की महिला के पति ने कथित तौर पर टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले शंकर की पहचान बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से मोबाइल फोन के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं।
बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंचा और दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने टंगिया से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंकर सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घटना की वजह अवैध संबंध के शक को माना जा रहा है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1















